
संवाददाता
कानपुर। सेंट्रल स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के पार्किंग ब्रेक सिस्टम में शो न होने की वजह से एक घंटे तक ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही। इसके बाद रैक बनाने वाली कंपनी से रेलवे टेक्नीशियन ने ऑनलाइन बात करके सिस्टम को समझकर ठीक किया। तब ट्रेन सेंट्रल से रवाना की गई।
वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर तकनीकी खराबी के कारण 62 मिनट तक खड़ी रही। पार्किंग ब्रेक में दिक्कत होने की वजह से ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। सिस्टम ठीक होने के बाद सुबह 10:42 बजे ट्रेन को रवाना किया गया।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन सुबह 09:26 बजे पहुंची। निर्धारित पांच मिनट के ठहराव के बाद 09:35 बजे सिग्नल मिलते ही लोको पायलट ने ट्रेन का पार्किंग ब्रेक हटाकर आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन पार्किंग ब्रेक तकनीकी कारणों से सिस्टम में शो नहीं हो रहा था।
ऐसे में सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन रोक दी गई। लोको पायलट ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मियों ने जांच की तो पाया कि ट्रेन के सिस्टम में पार्किंग ब्रेक शो नहीं हो रहा है।
स्टेशन अधीक्षक अवधेश द्विवेदी ने बताया कि 62 मिनट तक ट्रेन को रोकना पड़ा। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन में पूरा सिस्टम इलेक्ट्रॉनिक है। सिस्टम में कमांड न मिलने के कारण दिक्कत हुई। जब पार्किंग ब्रेक कमांड नहीं ले रहा था, तब तक सिस्टम एक कमांड छोड़ता नहीं है, तब तक दूसरा कमांड लेता नहीं है।
तकनीकी दिक्कत होने के कारण हमारे रेलवे टेक्नीशियन ने रैक बनाने वाली कंपनी के अधिकारी से ऑनलाइन बात की। सिस्टम ठीक करने के बाद ही ट्रेन को रवाना किया गया।






