
संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए अर्ली बर्ड टिकट दरों की घोषणा कर दी है। यह मैच 17 दिसंबर 2025 को बीआरएसएबीवी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टिकटों की घोषणा इकाना स्टेडियम में आयोजित टिकट लॉन्च कार्यक्रम के दौरान की गई, जिसमें यूपीसीए और इकाना स्पोर्ट्स सिटी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि अर्ली बर्ड टिकट दरें 999 रुपए से 5000 रुपए तक खास तौर पर शुरुआती चरण के लिए रखी गई हैं ताकि दर्शकों को समय से टिकट खरीदने का लाभ मिल सके। उन्होंने संकेत दिया कि दर्शकों की बढ़ती मांग के आधार पर टिकटों की दरों में आगे बढ़ोतरी भी संभव है, क्योंकि लगभग तीन वर्षों के बाद लखनऊ में किसी द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय मैच का आयोजन हो रहा है, जिससे क्रिक्रेटप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।यूपीसीए अधिकारियों ने बताया कि टिकटों की ऑनलाइन बिक्री डिस्ट्रिक्ट बाई जोमैटो वेबसाइट और ऐप के माध्यम से शुरू हो चुकी है। दर्शकों से अपील की गई है कि वे टिकट केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही खरीदें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या धोखाधड़ी से बचा जा सके। इसके साथ ही फिजिकल टिकट काउंटर भी जल्द ही लखनऊ शहर के विभिन्न स्थानों पर शुरू किए जाएंगे।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला यह मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के 2025 भारत दौरे का अहम हिस्सा है।
लखनऊ में पिछला द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय मैच लगभग तीन वर्ष पहले खेला गया था, इसलिए इस बार इकाना स्टेडियम में रिकॉर्ड भीड़ की उम्मीद की जा रही है। यूपीसीए ने उम्मीद जताई है कि दूधिया रोशनी में खेले जाने वाला यह टी20 मुकाबला रोमांच और तेज़-तर्रार क्रिकेट से भरपूर होने वाला है।
कार्यक्रम में यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, निदेशक रियासत अली, मीडिया समिति के चेयरमैन मोहम्मद फहीम तथा इकाना स्पोर्ट्स सिटी के उदय सिन्हा मौजूद रहे।






