February 7, 2026

संवाददाता
कानपुर।
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के लिए आज मतदान शुरू हो गया। 27 और 28 जनवरी को शहर के 11 हजार 908 मतदाता कानपुर के 26 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। मंगलवार सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ जो शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। वोट डालने के लिए सर्टिफिकेट आफ प्रैक्टिस की आईडी या सर्टिफिकेट और बार काउंसिल रजिस्ट्रेशन आईडी या सर्टिफिकेट जरूरी हैं, इसके बिना मतदान नहीं कर सकेंगे।
कोर्ट परिसर के जीने और लिफ्ट के पास स्थित स्थान पर बूथ बनाए गए हैं। प्रत्याशी मतदान स्थल से सौ मीटर दूर रहेंगे। मतदान के समय मोबाइल पर प्रतिबंध रहेगा, मतदान कराने की जिम्मेदारी अपर जिला जज अंशुमान पटनायक को दी गई है।
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव में प्रदेश के दो लाख 49 हजार 918 मतदाता 25 सदस्य चुनेंगे। इनमें शहर के 11 हजार 908 मतदाता शामिल हैं। प्रदेश भर के 333 प्रत्याशियों में से 26 प्रत्याशी कानपुर से हैं। पिछले चुनाव में शहर के प्रत्याशियों में योगेंद्र स्वरूप और अंकज मिश्रा बार काउंसिल का चुनाव जीते थे। कोरोना काल में वरिष्ठ सदस्य बीके श्रीवास्तव के निधन के बाद अनुराग पांडेय को सदस्य चुना गया था। इस समय बार काउंसिल में शहर से तीन सदस्य हैं।
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव में शहर से योगेंद्र स्वरूप, अंकज मिश्रा, नरेश चंद्र त्रिपाठी, अनुराग पांडेय, रामेंद्र सिंह कटियार, विश्वनाथ कटियार, श्रीराम, रामप्रकाश गुप्ता, संतोष कुमार श्रीवास्तव, सरफराज खान, अजय कुमार यादव, अजित शुक्ला, अखिलेश कुमार दुबे, जितेंद्र शुक्ला, नीरज कुमार श्रीवास्तव, पवित्र दुबे, राहुल देव शर्मा, राहुल कुमार शुक्ला, सरोज उपाध्याय, राहुल श्रीवास्तव, राजेंद्र कुमार अवस्थी, मृदुला मिश्रा, मुकुर ध्वज सिंह यादव, नदीम रऊफ खान, अनुराग श्रीवास्तव, अरविंद कुमार उपाध्याय प्रत्याशी है। 

Related News