
संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर में एक अज्ञात वाहन ने बिजली के पोल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पोल टूट गया। इस घटना के कारण नदिहा, गजबफरपुर, अंबारी हार, मिंडा निवादा और जयकिशन निवादा सहित कई गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई ।
जगदीश त्रिवेदी, राजू सेंगर, विजय मिश्रा, संजय सिंह और समीर त्रिवेदी जैसे ग्रामीणों ने क्षेत्रीय लाइनमैन बल्लू को घटना की सूचना दी। लाइनमैन बल्लू ने तुरंत विद्युत अधिकारियों को पोल टूटने के बारे में अवगत कराया।
विद्युत अधिकारी जेई निर्मल कुमार ने बताया कि उन्हें पोल टूटने की जानकारी मिल गई है। उन्होंने कहा कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर टूटे हुए पोल को हटवाकर नया विद्युत पोल लगवाने की कार्रवाई की जा रही है।
पोल में टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।






