February 7, 2026

संवाददाता

कानपुर। शिवराजपुर क्षेत्र में एक युवती पर सनसनीखेज हमला किया गया। कस्बे के बाहर चौबेपुर मार्ग पर स्थित एक धान मिल के सामने सड़क किनारे खड़ी युवती को दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने जबरन पकड़ लिया। इसके बाद बदमाश उसे घसीटते हुए पास की पुलिया के नीचे ले गए और बेरहमी से मारपीट की।
युवती के शोर मचाने पर आरोपियों ने उसे चुप कराने के लिए धारदार ब्लेड से उसके माथे पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने यह घटना देख ली। लोगों को अपनी ओर आता देख बदमाश बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए।
राहगीरों ने घायल युवती को तुरंत शिवराजपुर थाने पहुंचाया। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए उसे अस्पताल भेजा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वरुण शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान करके जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। 

Related News