February 22, 2026

संवाददाता 

कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विक्रय जोन-2बी प्रभारी मीनाक्षी गुप्ता, विशेष कार्याधिकारी द्वारा आज शताब्दी नगर सेक्टर-3, जवाहरपुरम् सेक्टर-4, जवाहरपुरम सेक्टर-1 एवं जवाहरपुरम् सेक्टर-1ए के विभिन्न श्रेणी के कुल 465 आवासीय भूखण्डों के सापेक्ष कुल 2615 आवेदकों के मध्य प्राधिकरण परिसर में स्थित श्री अटल बिहारी प्रेक्षागृह में ई-लाॅटरी का सफल क्रियान्वयन कराया गया।

कानपुर विकास प्राधिकरण द्वारा शताब्दी नगर सेक्टर-3 के विभिन्न श्रेणी के 69 भूखण्ड, जवाहरपुरम् सेक्टर-4 के 196 भूखण्ड, जवाहरपुरम सेक्टर-1 के 56 भूखण्ड जवाहरपुरम् सेक्टर-1ए के 144 भूखण्ड, इस प्रकार कुल 465 आवासीय भूखण्डों की ई-लाटरी हेतु विज्ञप्ति प्रकाशित करायी गयी थी। 

प्रकाशित भूखण्डों में सभी श्रेणियों 60 वर्गमी., 90 वर्गमी., 112.50 वर्गमी., 162 वर्गमी., 200 वर्गमी. एवं 300 वर्गमी. के भूखण्ड सम्मिलित किये गये थे। 

ई-लाॅटरी होने के कारण किसी भी आवेदक को प्राधिकरण अथवा बैंक जाने की आवश्यकता नहीं थी, एवं घर बैठे इन्टरनेट के माध्यम से आवेदन किया जा सकता था, जिसके कारण कानपुर नगर एवं आस-पास के शहरों के आवेदकों द्वारा उत्साह दिखाते हुए 465 भूखण्डों के सापेक्ष 5 गुना से अधिक 2615 आवेदन फार्म भरे गये।

आज प्राधिकरण परिसर में स्थित श्री अटल बिहारी प्रेक्षागृह में आदरणीय उपाध्यक्ष की उपस्थिति में आवेदकों के समक्ष ई-लाटरी सम्पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पादित करायी गयी। जिसमें प्रेक्षागृह में एलईडी टीवी पर लाॅटरी का लाईव प्रसारण किया गया। ऐसे आवेदक जो प्रेक्षागृह में उपस्थित नहीं थे, उनके हेतु यू-ट्यूब पर केडीए के ऑफिशियल चैनल पर लाईव-स्ट्रीमिंग  करायी गयी।

ऐसे आवेदक जो सफल रहे, उनके द्वारा अपार प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्राधिकरण के समस्त अधिकारियों को पारदर्शी ई-लाॅटरी कराये जाने हेतु धन्यवाद भी ज्ञापित किया गया।

उपरोक्त भूखण्डों के विक्रय से प्राधिकरण को लगभग रू0 215.00 करोड़ की आय होगी। 

ई-लाॅटरी में प्राधिकरण उपाध्यक्ष एवं सचिव के अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता  आर आर पी  सिंह, मुख्य नगर नियोजक मनोज कुमार, विशेष कार्याधिकारी सत् शुक्ला, विशेष कार्याधिकारी मीनाक्षी गुप्ता, सहा. लेखाकार अखिलेश मिश्रा एवं विक्रय जोन-2 बी का स्टाफ उपस्थित रहा। 

Related News