February 27, 2026

संवाददाता 

कानपुर। घाटमपुर के पतारा में सामने से ओवरटेक कर रहे डंपर से बचने में ऑटो अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एनएचआई की एंबुलेंस की मदद से घायलों को पतारा सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार कर महिला समेत तीन को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया ।
कानपुर देहात के आलापुर गांव निवासी सुरेश ने बताया कि वह सोमवार सुबह ऑटो लेकर कानपुर जा रहा था, तभी कानपुर सागर हाइवे पर घाटमपुर थाना क्षेत्र के बरनाव मोड़ पर स्थित जिओ पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही सामने से ओवरटेक करके आ रहे डंपर से बचने में ऑटो अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गया।
घटना के बाद हाइवे पर चीख पुकार मच गई। हादसे में ऑटो सवार तिलासड़ा गांव निवासी राजकुमार, तरगांव गांव निवासी नेहा कुशवाहा व उनका 12 वर्षीय बेटा अंश कुशवाहा घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पतारा चौकी पुलिस ने एनएचआई की एंबुलेंस की मदद से घायलों को पतारा सीएचसी पहुंचाया।
वहां डाॅक्टर ने मजदूर राजकुमार को मृत घोषित कर दिया और अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार कर गंभीर हालत में कानपुर जिलास्पताल रेफर कर दिया। 

पुलिस ने परजनों को सूचना देकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक राजकुमार के परिजन पतारा सीएचसी पहुंचे। परिजनो ने बताया कि राजकुमार मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। 
घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि सूचना मिली थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना देने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Related News