October 18, 2024

कानपुर। पुलिस की अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में हुई  एक मठभेड़ में गांजा तस्करों की गिरफ्तारी हुई है। महाराजपुर पुलिस और चकेरी पुलिस की संयुक्त टीम की करबिगवां स्टेशन के पास देर रात गांजा तस्करों से मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो गांजा तस्करों के पैर में गोली लगनेपर  उन्हें गिरफ्तार  कर लिया। पुलिस को दोनों के पास से तमंचा और 10 किलो गांजा मिला है। 
इस मुठभेड़ के विषय में डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने संपूर्ण घटना की जानकारी देते हुए बताया कि महाराजपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि देर रात कानपुर-प्रयागराज हाइवे से पुरवामीर होते हुए स्कूटी सवार दो गांजा तस्कर बड़ी गांजे की खेप लेकर करबिगवां जा रहे हैं। सूचना मिलते ही महाराजपुर और चकेरी की पुलिस तस्करों की घेराबंदी करने में जुट गई। करबिगवां रेलवे स्टेशन के पास सूबेदारखेड़ा से पहले एक खंडहर के पास स्कूटी सवार तस्करों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस पर हमलावर हुए स्कूटी सवार तस्करो ने सीधे पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों की घेराबंदी करके स्कूटी चला रहे तस्कर के पैर में गोली मारी तो वह स्कूटी सहित लड़खड़ा कर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों गांजा तस्करों के पैर में गोली मारकर घायल होने के बाद उन्हें गिरफ्तार  कर लिया। गिरफ्तार दोनों गांजा तस्करों की पहचान नर्वल के पारा गांव निवासी नीरज और मनीष के रूप में हुई है। इस प्रकार पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने वाले दोनों तस्करो के पैर में पुलिस ने गोली मारकर गिरफ्तार  कर लिया। पुलिस ने स्कूटी की डिक्की से 10 किलो गांजा और तमंचा भी बरामद किया है।
मामले की जानकारी देते हुए महाराजपुर थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि दोनो आरोपी  महाराजपुर, चकेरी, नर्वल, साढ़ के साथ ही कानपुर के आउटर इलाके में गांजा तस्करी करते थे।नगर के पड़ोसी जिलो उन्नाव, फतेहपुर समेत प्रदेश के कई जिलों से मादक पदार्थो की तस्करी और खरीद-फरोख्त में शामिल थे। दोनों के खिलाफ बुधवार को एफआईआर दर्ज करके उन्हें जेल भेजा गया ।