March 28, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय 2 युवकों की मौत हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही एसीपी कल्याणपुर, डीसीपी वेस्ट सहित एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू कर 3 लोगों को बाहर निकाला। फिर पुलिस ने सभी को हैलट हॉस्पिटल भेजा। जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। मरने वाले बाप और बेटे थे ।
कर्नलगंज थाने क्षेत्र के रहने वाले इरफान ने बताया कि  कल्याणपुर के गोवा गार्डन में बने शिव कृपा अपार्टमेंट अपार्टमेंट में अपने ससुर जावेद और साले आबिद के साथ सेप्टिक टैंक साफ करने पहुंचा था। रात में करीब साढ़े 12 बजे के आसपास हमने पूरा सेटअप लगाया और सफाई करने तीनों लोग अंदर चले गए।
पहले राउंड की सफाई करने के बाद हम तीनों बाहर आ गए। इसके बाद करीब 2 बजे दोबारा से अंदर सफाई करने के लिए सेप्टिक टैंक में उतरे। दूसरे राउंड में जावेद और आबिद और गहराई में चले गए। जिसके बाद वह टैंक में फंस गए।
इरफान ने बताया- काफी देर आहट न मिलने पर मैं भी अंदर गया। इस दौरान मेरा भी सिर थोड़ा चकराने लगा। मैं किसी तरह बाहर निकला और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा। कुछ देर बाद एसीपी कल्याणपुर आशुतोष, डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी, एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।

एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि कर्नलगंज के रहने वाले लोग  रात में 12 बजे से काम कर रहे थे। सुबह साढ़े 3 बजे सेप्टिक टैंक की सफाई करते हुए तीन युवक गिर गए। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ पहुंची। यहां से तीनों को बाहर निकाला गया। जहां दो युवकों की मौत हो गई है। आगे जांच-पड़ताल की जा रही है।