July 1, 2025

संवाददाता
कानपुर।
अटल घाट पर नहाने के दौरान युवक और उसके साढ़ू का बेटा डूब गया और दोनों की मौत हो गई। जब वहां मौजूद युवक के बेटे ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने पुलिस और गोताखोरों को सूचना दी। कोहना पुलिस ने रेस्क्यू करके दोनों शवो को बाहर निकाला। परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। 
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह 6 बजे गंगा बैराज के पास अटल घाट पर परमियापुरवा नवाबगंज निवासी विनोद कुमार, उनका बेटा अनिकेत और साढ़ू का बेटा वरुण तेज गर्मी के चलते सुबह उठने के बाद गंगा नहाने पहुंच गए थे। अनिकेत ने बताया कि तीनो लोग गंगा में नहा रहे थे। इस दौरान वरुण पानी की गहराई में उतर गया तेज बहाव के चपेट में आने से डूबने लगा। वरुण को बचाने के चक्कर में विनोद भी गहराई में उतर गए और दोनों डूब गए।
वहां मौजूद विनोद के बेटे अनिकेत ने रोते हुए शोर मचाया तो घाट पर मौजूद लोग आए। इसके बाद कोहना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोहना पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद 10:30 बजे दोनों के शव को बरामद किया गया। परिवार के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। दोनों शवो को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।