February 23, 2026

संवाददाता 

कानपुर। रोजा इफ्तार करने के बाद टहलने को गंगा बैराज गए दो दोस्त तेज रफ्तार ट्रक के नीचे आ गए।

नवाबगंज में गंगा बैराज को जाने वाली सड़क पर सेठ मोतीलाल खेड़िया स्कूल के पास कंक्रीट मिक्चर ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। दोनों को कुचलने के बाद आरोपी ड्राइवर गाड़ी लेकर भाग गया। हादसे में दोनों दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों रोजा इफ्तार के बाद स्कूटी से तरावीह पढ़ने की बात कहकर घर से निकले थे।

तीसरा दोस्त अरमान दूसरी स्कूटी से पीछे आ रहा था। हादसा देखकर वह बदहवास हो गया और दोनों के परिजनों को फोन पर जानकारी दी। कोहना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हैलट भेजा, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

रमजान में बेटो की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। कोहना पुलिस दोनों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराने की कार्रवाई कर रही है। हालांकि, परिजन पोस्टमॉर्टम कराने को राजी नहीं हैं।

चमनगंज के प्रेम नगर निवासी फरहत इजहार चप्पल के थोक कारोबारी हैं। फरहत ने बताया कि उनके मोहल्ले में ही रेडीमेड कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद रहते हैं। रोजा इफ्तार के बाद मेरा बेटा अर्श और इकबाल का बेटा मो. अहमद हलीम डिग्री कॉलेज ग्राउंड में तरावीह पढ़ने की बात कहकर स्कूटी से निकले थे।

इसके बाद कब गंगा बैराज पहुंच गए, पता नहीं चला। वहीं, दूसरी स्कूटी से दोनों के साथ मौजूद दोस्त मो. अरमान ने बताया कि तीनों लोग स्कूटी से गंगा बैराज घूमने निकल गए थे। इसके बाद गंगा बैराज से तरावीह पढ़ने के लिए घर लौट रहे थे। नवाबगंज में गंगा बैराज रोड पर सेठ मोतीलाल खेड़िया स्कूल के पास तेज रफ्तार कंक्रीट मिक्चर ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके बाद भागने के चक्कर में कुचलते हुए निकल गया। दोनों के ऊपर से ट्रक गुजरने के चलते दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।