
आ स. संवाददाता
कानपुर। ककवन थाना क्षेत्र में एक बच्ची के नहर में डूबने की घटना सामने आई है। मनावा गांव की नहर में नहाते समय डूबी 11 वर्षीय बच्ची का शव दो दिन बाद मिला है। यह शव शिवराजपुर थाना क्षेत्र में खोंदन पुल के पास उतराता हुआ मिला।
जोगिन डेरा मनावा गांव के नाथ संप्रदाय की तीन लड़कियां नहर में नहा रही थीं। ये तीनों किशोर नाथ की 11 वर्षीय बेटी ताजगी, इंदर नाथ की 9 वर्षीय बेटी राशि और महेंद्र नाथ की 12 वर्षीय बेटी निहारिका थीं। नहर में नहाते समय तीनों गहरे पानी में चली गईं।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत नहर में छलांग लगाई। उन्होंने राशि और निहारिका को बचा लिया। लेकिन ताजगी को नहीं बचा पाए। वह पानी में पूरी तरह डूब चुकी थी। दो दिनों तक स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण लगातार ताजगी की तलाश करते रहे।
शनिवार सुबह शिवराजपुर थाना क्षेत्र में खोंदन गांव के पास नहर पुल पर एक शव दिखा। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। परिजनों ने शव की पहचान ताजगी के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।