August 8, 2025

संवाददाता

कानपुर।  तीन दिन पूर्व तेज बारिश से बचने के लिए दो लोग पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। अचानक से हवा के साथ पेड़ भरभरा कर गिर पड़ा और उसके नीचे दोनों लोग दब गए, लेकिन किसी को भी अंदेशा नहीं था कि पेड़ के नीचे कोई दबा भी हो सकता हैं।
जूही खलवा पुल के पास पार्षद के कहने पर नगर निगम की टीम पेड़ काटने आई थी। पेड़ को काटते समय एक कर्मचारी को हाथ दिखा तो उसने तत्काल इसकी जानकारी पार्षद को दी। इसके बाद जब पेड़ हटाया गया दो वहां दो लाशे मिली।
कानपुर में सोमवार रात झमाझम बारिश के चलते जूही का खलवा पुल पूरी तरह से भर गया था। इससे यातायात भी बंद हो गया था। अचानक एक पेड़ भी उसी बारिश में गिर गया। लेकिन पहले से ही यातायात बंद होने के कारण किसी ने पेड़ को हटाने की नहीं सोची।
दो लाशे मिलने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने एक युवक की पहचान बर्फ फैक्ट्री में काम करने वाले भूरा के रूप में की। वहीं, दूसरे के शव की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी हैं। पार्षद विद्या वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई हैं।
जूही इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि जिस जगह पर घटना हुई हैं, वहां पर एक चबूतरा बना हुआ है, जिसमें पल्लेदार लोग रात में सो जाते हैं। एक की शिनाख्त की जा चुकी है। उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया हैं।
वहीं, दूसरे व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो सकी हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हैं।