March 4, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक ट्यूशन टीचर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजनों को शक हुआ। भाई ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो दुपट्टे के सहारे फंदे से उसका शव लटका मिला। तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई।
मृतका श्रेया पाल कल्याणपुर के बारासिरोही की रहने वाली थी। परिजनों के मुताबिक वह बीएड कर चुकी थी और अपने खर्च चलाने के लिए छोटे बच्चों को कोचिंग पढ़ाती थी। घर पर भी पांच बच्चे पढ़ने आते थे। 

वह परिवार के साथ बैठकर बातचीत कर रही थी। इसके बाद पढ़ने जाने की बात कहकर तीसरे फ्लोर पर अपने कमरे में चली गई। शाम करीब सात बजे तक जब श्रेया कमरे से बाहर नहीं आई तो भाई उसे बुलाने गया। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर भाई ने खिड़की तोड़कर अंदर झांका, जहां श्रेया को फंदे से लटका देख सभी स्तब्ध रह गए।
सूचना मिलने पर कल्याणपुर थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच की और श्रेया पाल का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
कल्याणपुर थाना प्रभारी राजेंद्रकांत शुक्ला ने बताया कि परिजन फिलहाल आत्महत्या की कोई ठोस वजह नहीं बता पाए हैं। श्रेया पाल का मोबाइल जांच के लिए लिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।