
संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर क्षेत्र में एक होमगार्ड का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। मृतक की पहचान नरवल के हथेरुआ निवासी श्रीपाल के रूप में हुई है।
श्रीपाल दवा लेने की बात कहकर घर से निकले थे। हाथीगांव रेलवे क्रॉसिंग के पास उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार उन्होंने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की है।
परिजनों ने बताया कि श्रीपाल पिछले 6 महीने से कैंसर से पीड़ित थे। इस कारण वे मानसिक तनाव में रहते थे। उनकी दवाएं भी चल रही थीं। मृतक के परिवार में पत्नी मीना, दो बेटे अजय, छोटे तथा दो बेटियां गुड़िया, रानी हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
महाराजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






