
संवाददाता
कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच आयोजित एकदिवसीय क्रिकेट मैच के मद्देनजर यातायात विभाग ने ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया है। यातायात की यह व्यवस्था 30 सितंबर को दोपहर 12 बजे से मैच समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सभी प्रमुख चौराहों पर वाहनों का संचालन करेगी।
फूलबाग चौराहा से वीआईपी रोड होकर मर्चेंट चैंबर की ओर जाने वाले वाहन मेघदूत तिराहे से आगे नहीं जा सकेंगे। इन्हें बड़ा चौराहा, परेड चौराहा और चुन्नीगंज होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा। वहीं, फूलबाग से कचहरी या ग्रीनपार्क स्टेडियम जाने वाले वाहन मेघदूत तिराहे से वीआईपी रोड होकर जा सकते हैं, लेकिन डीएवी तिराहे से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी।
कंपनीबाग चौराहा से सरसैयाघाट चौराहे की ओर जाने वाले वाहन मर्चेंट चैंबर तिराहे से आगे नहीं जा पाएंगे। इन्हें मर्चेंट चैंबर तिराहे से दाहिने मुड़कर सिल्वर्टन तिराहा और लाल इमली चौराहा होकर जाना होगा।
मूलगंज की तरफ से हडर्ड चौराहे की ओर जाने वाले वाहन कारसेट, परेड चौराहा से आगे नहीं जा पाएंगे। ऐसे वाहनों को कारसेट चौराहा से लाल इमली चौराहा होकर गुजरना होगा।
भार्गव नर्सिंग होम चौराहा से कोई भी वाहन म्योर मिल तिराहे की तरफ नहीं जा सकेगा। इन वाहनों को बड़ा चौराहा या परेड चौराहा होकर जाना होगा।
यदि मर्चेंट चैंबर पर अत्यधिक दबाव होता है, तो रेव थ्री तिराहा से मर्चेंट चैंबर की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा। ऐसे वाहनों को रेव थ्री तिराहे से दाहिने मुड़कर विजय विला होटल होते हुए अपने गंतव्य तक जाना होगा।
यातायात पुलिस ने दर्शकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग नियमों का पालन करें। किसी भी अनियंत्रित वाहन को क्रेन से उठाने की कार्रवाई की जा सकती है।






