
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर में अंबेडकर मैदान की नाप जोख के दौरान विवाद हो गया। राजस्व टीम जब वीरपुर में नाप जोख करने पहुंची तो अरविंद बौद्ध और उनके साथियों ने राजस्व कर्मचारियों से अभद्रता की।
राजस्व निरीक्षक नरपत सिंह ने बताया कि वह टीम के साथ गाटा संख्या 423 की पैमाइश करने गए थे। इस दौरान अरविंद बौद्ध वहां पहुंचे और ग्रामीणों को भड़काने लगे। आरोपियों ने राजस्व कर्मचारियों से गाली-गलौज की।
भीड़ ने राजस्व निरीक्षक से नक्शा, खसरा और खतौनी छीनकर फाड़ दिए। लेखपाल और नायब तहसीलदार के साथ भी बदसलूकी की गई। आरोपियों ने सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की और कर्मचारियों को जबरन उतारने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में राजस्व टीम वहां से निकल पाई।
घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय के अनुसार, राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर अरविंद बौद्ध और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने तहसील दिवस में अंबेडकर मैदान की नापजोख कराने की मांग की थी। इसी के चलते राजस्व टीम नापजोख करने पहुंची थी।






