March 10, 2026

संवाददाता

कानपुर।  पिछले दो दिन से आसमान में बादलों की आवाजाही लगी है। ऐसा ही मौसम अभी 13 अगस्त तक बने रहने की संभावना है। पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई हैं। अभी उमस से लोगों को राहत नहीं मिलेगी।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शहर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 71 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की औसत गति 4.4 किमी प्रति घंटा के हिसाब से दक्षिण से पश्चिम की ओर रही। वहीं, 24 घंटे में 10.4 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रो. सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान में मानसून की टर्फ लाइन मध्य समुद्र तल पर भटिंडा, रोहतक, दिल्ली, हरदोई, बाराबंकी, देहरी, बांकुरा, कोंटाई और फिर पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है।
एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, पश्चिम उत्तर प्रदेश और निकटवर्ती क्षेत्रों में मध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है।
दूसरी टर्फ लाइन पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण से पूर्वी उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से होते हुए झारखंड तक मध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है।

एक टर्फ लाइन गुजरात से पश्चिम मध्य प्रदेश होते हुए पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण तक मध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है।
13 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और संलग्न पश्चिम-मध्य में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।