March 8, 2026

संवाददाता
कानपुर।
घाटमपुर के शीतलपुर गांव में कोटेदार का घटतौली करते हुए वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हुआ था। वीडियो को संज्ञान में लेकर घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने सप्लाई इंस्पेक्टर को जांच के आदेश दिए थे। 

इंस्पेक्टर की जांच में सामने आया कि तीन युवक बाइक से पहुंचे और कोटेदार को डरा धमकाकर उससे एक हजार रुपए वसूल लिए और दो हजार और मांगने लगे, रुपए न देने पर उसका वीडियो वायरल कर दिया। एसडीएम ने वसूली करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि घटतौली का वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने जांच के आदेश दिए थे। जांच में सामने आया कि घाटमपुर के शीतलपुर गांव में कोटेदार इति सिंह पत्नी श्याम सिंह के यहां पर एक बाइक से तीन युवक पहुंचे। उन्होंने माइक और आईडी दिखाकर खुद को पत्रकार बताते हुए कोटा सस्पेंड कराने की बात कहते हुए कोटेदार को धमकाया।
दबाव बनाने के लिए कुछ बोरियो को तौलते हुए वीडियो भी बनाए। जिनमें आरोप लगाया कि कोटेदार लोगों को राशन कम दे रहा है। इसके बाद युवकों ने कोटेदार से पांच हजार रुपए की रंगदारी मांगी। कोटेदार ने रुपए न होने की बात कही तो उससे जबरन अपने खाते में एक हजार रुपए ऑनलाइन डलवा लिए।
इसके बाद और रुपए की मांग करने लगे। रुपए न मिलने पर तीनों युवकों ने कोटेदार का वीडियो वायरल कर दिया। कोटेदार ने घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह को वसूली की पूरी जानकारी दी। घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने वसूली करने वाले युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि पहले भी इन तीनों युवकों की शिकायत आई थी, जिन्हें डांट डपट दिया गया था, वसूली करने की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है, वसूली करने वाले युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।