March 12, 2026

संवाददाता
कानपुर।
शिवराजपुर थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में देर रात एक घर में लाखों रुपये की चोरी हो गई। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी समेत लगभग 10 लाख 18 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। वारदात के समय परिवार सो रहा था और उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।
सुबह जागने पर परिवार को चोरी का पता चला। घर का सामान बिखरा देख उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। अर्जुनपुर गांव निवासी विजय गोपाल ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
विजय गोपाल ने अपनी तहरीर में बताया कि रोजाना की तरह देर रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो गया था। रात में किसी समय चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। उन्होंने कमरे का ताला तोड़कर संदूक, बैग, बेड के बॉक्स और अलमारी में रखे लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 18 हजार रुपये नकद चुरा लिए
सूचना मिलने पर शिवराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस संदिग्धों पर नजर रख रही है। पुलिस ने जल्द ही वारदात का खुलासा करने का दावा किया है।