
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर के साढ़ क्षेत्र के हिरनी गांव में छत के रास्ते से घुसे चोर घर से 35 हजार की नगदी समेत लाखों के कीमत के जेवरात चोरी कर ले गए है। चोर सामान से भरे बक्शे को घर से दो सौ मीटर दूर उठाकर ले गए, इसके बाद समान लेकर भाग निकले।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची साढ़ पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल करने के साथ चोरों की तलाश शुरू की है।
साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव निवासी श्याम सिंह चोकर की दुकान चलाकर घर का भरण पोषण करते है। घर पर पत्नी नीलम सिंह और उनका बेटा रोशन सिंह, दो बेटियां रोशनी, कृष्णा है। परिवार बरामदे में सो रहा था, कमरे में उनका बेटा रोशन सिंह सो रहा था। देर रात घर में छत के रास्ते से घुसे चोरों ने कमरे अंदर रखे बक्शे का ताला तोड़कर उसमें रखे 35 हजार रुपए की नगदी समेत दो जोड़ी पायल, टॉप्स, मंगलसूत्र, तोड़िया, अंगूठी, समेत अन्य जेवरात चोरी कर ले गए है।
चोर घर के सामने लगभग दो सौ मीटर दूरी पर स्थित तालाब के पास बक्शा छोड़कर भाग निकले है। ग्रामीणों ने बक्शे में कागजात पड़े देखे तो परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनो को घर में चोरी होने की जानकारी हुई। परिजनो ने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची साढ़ पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल करने के साथ परिजनो से घटना की जानकारी जुटाई है। साढ़ थाना प्रभारी अवनीश सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी, घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
चोरी की घटना के बाद मौके पर पहुंची साढ़ पुलिस ने परिजनो से घटना की जानकारी जुटाई तो सामने आया कि परिजन घर के आंगन में बने बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे। इसके बावजूद चोर बरामदे के पास बने कमरे में पहुंचे और बक्शे को उठाकर बाहर लेकर आए। पुलिस को प्राथमिक जांच में घटना संदिग्ध लग रही है। पुलिस घटना की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।






