April 17, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
अगले 4 दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक नगर में बारिश की भी  संभावना है। येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि सुबह से कड़ी धूप निकली हुई है। लेकिन सुबह और रात में मौसम राहत भरा रहता है।
सीएसए के मौसम तकनीक अधिकारी अजय मिश्रा के मुताबिक कानपुर का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक होकर 34.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी अब बढ़ने लगा है। बीते 24 घंटे के दौरान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहते हुए 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में बादलों की एक लंबी श्रंखला बन गई है। इसके साथ ही चक्रवाती घेरा बन रहा है। इसका हल्का असर कानपुर परिक्षेत्र पर भी रहेगा। सीएसए के मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 4 दिनों तक हल्की और मध्यम श्रेणी के बादल छाए रहेंगे। 
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के साथ बादलों की श्रंखला भी बनी हुई है। राजस्थान में चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है। इसके प्रभाव से आसपास के क्षेत्र में बूंदाबादी हो सकती है।