
संवाददाता
कानपुर। नगर में फिलहाल बादलों की आवाजाही के बीच बारिश के आसार बने रहेंगे। बीच-बीच में तेज बारिश भी हो सकती हैं। हल्की फुल्की बारिश दिन में कई बार होती रहेगी। मौसम के उतार चढ़ाव के चलते बीते दो दिनों के अंदर अधिकतम तापमान में दो डिग्री गिरावट दर्ज की गई हैं।
27 जुलाई को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद 28 जुलाई को 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, 29 जुलाई मंगलवार को 31.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री दर्ज किया गया, तो वहीं न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियम दर्ज हुआ।
अधिकतम आर्द्रता 86 प्रतिशत रही। वहीं, न्यूनतम आर्द्रता 76 प्रतिशत थी। हवा की औसत गति 6.0 किमी प्रति घंटा के हिसाब से दक्षिण से पूर्व की ओर चल रही थी। दिन में 4.6 मिली मीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
प्रो. पांडेय ने बताया कि मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 4 दिनों मे हल्के बादल रहने के कारण तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक की माने तो उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे पूर्वी राजस्थान पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र मंगलवार की सुबह तक उसी क्षेत्र में बना रहा। इससे जुड़ा चक्रवातीय परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है।
एक टर्फ उत्तर-पूर्व अरब सागर से गुजरात, पूर्वी राजस्थान, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे पूर्वी राजस्थान पर बने निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण से होकर दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश तक मध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है।
वर्तमान में मानसून टर्फ श्री गंगानगर, झुंझुनू, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे पूर्वी राजस्थान पर बने निम्न दबाव के केंद्र, पन्ना, डाल्टनगंज, पुरुलिया से होकर दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है।