
संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 पटेल नगर मोहल्ले में पानी आपूर्ति पाइपलाइन में लीकेज के कारण पांच घरों की दीवारों में दरारें आ गई हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने अधिकारियों से मुआवजे की मांग की है। मामले की सूचना मिलने पर नगर पंचायत प्रशासन ने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को मौके पर बुलाया है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के कुछ वार्डों में लगभग चार माह पहले पेयजल आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन बिछाई गई थी। आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद उसका प्रेशर टेस्ट ठीक से चेक नहीं कराया गया। वार्ड नंबर 9 पटेल नगर निवासी सुरेश चंद सविता, विजय सविता, राजेंद्र सविता और जय शंकर सविता सहित पांच परिवारों का कहना है कि टंकी से पानी छोड़े जाने के बाद पाइपलाइन में लीकेज शुरू हो गया।
लगातार पानी के रिसाव से मकानों की नींव में नमी भर गई, जिससे दीवारों में दरारें पड़ गईं। परिवारों ने बताया कि दरारें बढ़ने से मकानों के गिरने का खतरा पैदा हो गया है, जिसके चलते एहतियातन घरों का सामान बाहर निकाला जा रहा है।
स्थानीय निवासी बबलू मिश्रा के साथ प्रभावित परिवार नगर पंचायत पहुंचे और अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की। उन्होंने निर्माण कार्य में लापरवाही की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की भी मांग की है।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी मनीष चौधरी ने बताया कि समस्या की जानकारी मिली है। पाइपलाइन डालने वाली कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को मौके पर बुलाया गया है। स्थिति का निरीक्षण कराया जा रहा है। लीकेज ठीक कराने के साथ ही क्षति का आकलन भी कराया जाएगा, जिसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोहल्ले के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करके आंदोलन करने को बाध्य होंगे।






