March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  पूरे दिन भीषण उमस ने लोगों को खासा परेशान कर दिया। दिनभर पसीने से तरबतर रहे शहरवासी शाम ढलने पर कुछ देर के लिए राहत महसूस कर सके। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम की स्थिति अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बनी रह सकती है। दशहरा के आसपास इस बार बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ऊपर रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की गति बेहद धीमी रही और पूरे दिन यह 1 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच दर्ज की गई।
हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी रही। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 81 प्रतिशत और न्यूनतम 55 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का कोई अता-पता नहीं रहा और वर्षा का आंकड़ा शून्य रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी 4 दिनों तक शहरवासियों को तेज धूप और उमस से जूझना पड़ सकता है। आसमान में हल्के-फुल्के बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन बारिश की संभावना बिल्कुल नहीं है।
डॉ. पांडेय ने बताया कि आगामी 24 सितंबर तक दिन में तेज धूप और उमस के चलते हीट इंडेक्स 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसका मतलब है कि भले ही पारा 33–34 डिग्री के बीच रहे, लेकिन नमी और धीमी हवाओं के चलते शरीर को तापमान अधिक महसूस होगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि हीट इंडेक्स बढ़ने से शरीर पर सीधा असर पड़ता है। लगातार पसीना आने और हवा की कमी से लोगों में थकान, चिड़चिड़ापन, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
ऐसे में दिन के समय ज्यादा देर तक धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
डॉ. पांडेय ने साफ किया कि फिलहाल मानसून की विदाई का दौर चल रहा है और बारिश के कोई आसार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को कम से कम 24 सितंबर तक उमस भरी गर्मी झेलनी होगी। उसके बाद ही मौसम में बदलाव के संकेत मिल सकते हैं।