March 4, 2026

संवाददाता 

कानपुर। जैसे-जैसे साल का आखिरी दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे ही कानपुर में नए साल के आगमन और स्वागत को लेकर रौनक बढ़ती जा रही है। प्रचण्‍ड सर्दी के बावजूद बाजारों में नए साल की तैयारियों को लेकर लोगों की चहल-पहल कायम है। 

शहर के प्रमुख होटलों से लेकर छोटे और मंझोंले रेस्टोरेंट और मॉल्‍स में सजावट की तैयारियां मुक्‍कमल की जा रही है। वहीं दूसरी ओर जो लोग इन स्‍थानों पर जाने से परहेज करते हैं वह अपने-अपने घरों में खास अंदाज में नए साल की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कानपुर में नए साल के स्वागत को लेकर उत्सव जैसा माहौल है

शहर के प्रमुख बाजार जैसे नवीन मार्केट, आर्य नगर, कल्याणपुर और गोविंद नगर, लाल बंगला में खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ रही है। लोग कपड़े, सजावटी सामान, गिफ्ट आइटम और केक की खरीदारी करते देखे जा रहे हैं। बेकरी और मिठाई की दुकानों पर खास तरह के न्यू ईयर केक, चॉकलेट और स्वीट्स तैयार

किए जा रहे हैं, जिनकी एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।

युवाओं में नए साल को लेकर खास जोश देखने को मिल रहा है। कई लोग दोस्तों और परिवार के साथ पार्टी प्लान कर रहे हैं तो कुछ शहर से बाहर घूमने जाने की तैयारी में हैं। शहर के होटल और रेस्टोरेंट्स ने न्यू ईयर ईव के लिए विशेष पैकेज तैयार किए हैं, जिनमें लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट और खास डिनर शामिल हैं। कई जगहों पर थीम पार्टी का आयोजन भी किया जा रहा है। लोग बीते साल की यादों को समेटते हुए नए साल से नई उम्मीदें और खुशियां लेकर आगे बढ़ने को तैयार नजर आ रहे हैं।