
संवाददाता
कानपुर। मंगलवार दोपहर को हुई बारिश ने एक ओर जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल को इस बारिश से भारी नुकसान हो सकता है, जिससे किसान परेशान हैं।
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बारिश न होने के कारण तेज धूप और उमस से लोग परेशान थे। बारिश होते ही लोग अपने बच्चों के साथ छतों और गलियों में निकल आए और उन्होंने बारिश का आनंद लिया। स्थानीय दुकानदार सुनील साहू ने बताया कि उमस से काफी राहत मिली है।
हालांकि, यह बारिश किसानों के लिए चिंता का विषय बन गई है। किसान नन्हे कुशवाहा ने बताया कि क्षेत्र के खेतों में धान और अन्य फसलें खड़ी हैं। पक चुकी धान की फसल कटाई के लिए तैयार है, लेकिन बारिश के पानी से उसे काफी नुकसान हो सकता है।
इसके अलावा, बारिश के कारण अगली फसल की बुवाई भी समय पर नहीं हो पाएगी, जिससे किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। बेमौसम बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।






