February 22, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  कलक्टरगंज थाने के पास शातिर चोरों ने तीन किराना दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोल दी। चोरों ने एसीपी कलक्टरगंज कार्यालय से मात्र 50 मीटर और थाना कलक्टरगंज से मात्र 75 मीटर की दूरी पर दुकानों में सेंधमारी की, लेकिन पुलिस टीम को भनक तक नहीं लगी। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे व्यापारी नेताओं ने पुलिस के आलाधिकारियों से मामले की शिकायत की। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
नयागंज शक्करपट्टी में राजेश गुप्ता की किराना की दुकान है। उन्होंने बताया कि वह रोज की तरह दुकान बंद करके गए थे। सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के गोलक में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद गायब थे। साथ ही दुकान के पीछे की दीवार टूटी थी।
कुछ देर बाद पड़ोसी गल्ला दुकानदार अंशुल गुप्ता और रोहित जैन की दुकान में भी सेंधमारी करके चोरी होने की जानकारी हुई। शातिर चोरों ने अंशुल गुप्ता की दुकान से करीब 30 हजार रुपये नकद और दो काजू के डिब्बे व रोहित जैन की दुकान से करीब 50 हजार रुपये नकद गायब कर दिए ।
घटना की जानकारी होने पर व्यापारी नेता विनोद गुप्ता, शेष नारायण त्रिवेदी, रोशन लाल अरोड़ा, विजय गुप्ता समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान व्यापारी नेताओं ने आरोप लगाया कि एसीपी कलक्टरगंज कार्यालय से मात्र 50 मीटर और कलक्टरगंज थाने से मात्र 75 मीटर की दूरी पर दुकान होने के बावजूद चोरी होना पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा करती है।
घटना की सूचना पर कलक्टरगंज थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर जांच पड़ताल करने पहुंचे। 

कलक्टरगंज थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर चोरों की तलाश की जा रही है। 

Related News