February 5, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
चकेरी स्थित शिवनगर इलाके में एक  रिटायर्ड  एयरफोर्स कर्मी के घर को चोरों ने अपना  निशाना बनाया। जब पूरा परिवार घर की पहली मंजिल पर सो रहा था। तभी वहां पर घुसे चोरों ने बीस लाख रुपए की नकदी और जेवरात पार कर दिए। पीड़ित परिवार की तहरीर पर चकेरी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस चोरों की तलाश में इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
चकेरी मोड़ के शिवनगर बस्ती निवासी रविन्द्र कुमार रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी हैं। रविन्द्र का बेटा प्रवीण ओएनजीसी मुंबई में कार्यरत है। उसकी पिछले माह ही शादी हुई थी। शादी का घर होने के कारण घर पर नकदी और जेवरात मौजूद थे। रविन्द्र के परिवार में पत्नी सुशीला, बेटा प्रवीण कुमार और बहू इंका सिंह हैं।
रविन्द्र के मुताबिक पूरा परिवार घर की पहली मंजिल पर सो रहा था। सुरक्षा के लिहाज से आंगन में नीचे जाने वाली सीढ़ियों के दरवाजे पर ताला डाल दिया था। देर रात चोर छत के रास्ते घर में घुसे। दरवाजे का ताला तोड़कर नीचे वाले कमरे तक चले गये। जहां पर चोरों ने अलमारियों को तोड़कर करीब बीस लाख के जेवरात पार कर दिये। इसके बाद चोर मेनगेट खोलकर चले गये।

सुबह घर में जब नौकरानी काम करने आई तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। रविन्द्र कुमार ने पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। 

इंस्पेक्टर चकेरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी देखे जा रहे हैं।