July 1, 2025

संवाददाता
कानपुर।
एक रईसजादे ने कार से एक के बाद एक 5 लोगों को रौंद दिया। हादसे में सभी गंभीर घायल हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उनको अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने उर्सला में भर्ती कर दिया। इस दौरान इलाके में अफरातफरी मच गई।
दुकानदारों ने बताया कि कार चालक नशे में था, इस वजह से उसने कार से नियंत्रण खो दिया था। पुलिस ने उसका करीब 4 किमी. तक पीछा किया, इस दौरान उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई। आगे का एक पहिया खुल गया। तब पुलिस ने उसे पकड़ लिया। ये मामला घंटाघर चौराहे का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार कार परेड चौराहे की ओर से मूल-गंज की तरफ आ रही थी। कार चालक ने मूलगंज चौराहा के पास तीन लोगों को टक्कर मार दी। जिसके बाद भागने के दौरान कार चालक ने रास्ते में दो ई-रिक्शा में भी टक्कर मारी।
वो एक के बाद एक को उड़ाता चला गया। भागने के चक्कर में जो भी सामने आया उसे उड़ा दिया। घंटाघर चौराहा पहुंचने पर कार ने वहां 2 लोगों को टक्कर मारी। जिससे उसकी कार का ड्राइवर वाली सीट का बायीं तरफ का टायर निकल गया।
बावजूद इसके चालक रिम पर ही घंटाघर से सुतरखाना, हरबंश मोहाल से कार लेकर माल रोड की ओर भागने लगा। जिस पर घंटाघर चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोग उसका पीछा करने लगे। भागने के प्रयास में नरौना चौराहा पर कार डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया।
हरबंश मोहाल थाना प्रभारी ने बताया कि 5 लोग घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए उर्सला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल कार मालिक और चालक के बारे में जानकारी की जा रही है। कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे जेल भेजा जाएगा।

एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि गोविंद नगर निवासी कारोबारी का बेटा नमन कार चला रहा था। पुलिस ने नमन को हिरासत में लिया है। लेकिन, घायल होने के चलते उसे हैलट में पुलिस निगरानी में भर्ती कराया गया है। अभी तक किसी घायल ने तहरीर नहीं दी है। इस वजह से मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। जैसे ही तहरीर मिलेगी आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।