
संवाददाता
कानपुर। काकादेव में बसपा नेता के भतीजे ने देर रात कीट नाशक पी लिया। जानकारी होने पर परिजन उसे निजी हॉस्पिटल ले गए जहाँ से डॉक्टरों ने उन्हें हैलट रेफर कर दिया। उपचार के दौरान वहाँ उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
काकादेव के गीता नगर निवासी रजनीश तिवारी बसपा से 2007 में विधायक प्रत्याशी रहे है। वर्तमान समय में सीसामऊ सीट से प्रभारी है। रजनीश तिवारी ने बताया की उनका भतीजा अभय तिवारी एचडीएफसी में नौकरी करता था। पिता अलोक तिवारी गीता नगर में प्रिंटिंग प्रेस चलाते है।
अभय की पत्नी रिचा तिवारी कल्याणपुर में प्राथमिक विद्यालय में टीचर पद पर तैनात है। बड़ा भाई अजय तिवारी भाजपा से गीता नगर मंडल में उपाध्यक्ष पद पर है। बड़े भाई अजय ने बताया की देर रात को अभय शराब के नशे में घर आकर परिजनों से झगड़ा कर रहा था। जिसपर उन्होंने फोन करके चाचा रजनीश तिवारी को सुबह आकर समझाने की बात कही।
देर रात को ही अभय ने घर में रखा कीट नाशक दवा पी लिया। उल्टी होने पर जानकारी हुई तो सभी उसे पास के निजी हॉस्पिटल ले गए। जहाँ से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने की बात कहकर हैलट रेफर कर दिया। हैलट में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
परिजनों ने देर रात 112 नंबर डायल कर घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही काकादेव थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंचा और घटना की जाँच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
काकादेव थाना प्रभारी ने बताया कि देर रात को घटना की जानकारी हुई थी। मृतक शराब का लती था। जिस वजह से अक्सर परिजनों से विवाद होता रहता था। देर रात उसने कीटनाशक दवा पी ली। उपचार के दौरान हैलट में उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।






