
संवाददाता
कानपुर। अपनी बहन की गोदभराई के लिए माला लेने जा रहे ममेरे भाई को रांग साइड से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ममेरे भाई की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर बाइक सवारों की तलाश में जुट गई।
नरवल के शिमरवा गांव निवासी राजनारायण के परिवार में पत्नी सूरजकली, दो बेटे लक्ष्मण वर्मा और जनक है। जनक ने बताया कि उनकी ममेरी बहन सोनी की गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन था। गोद भराई के लिए माला लाने के लिए लक्ष्मण बाइक से पाली जा रहा था। वह कुछ दूर पहुंचा ही था, तभी रांग साइड आ रहे बाइक सवार दो लोगों ने लक्ष्मण को टक्कर मार दी।
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर घायल को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। लक्ष्मण की मौत की जानकारी मिलते ही खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
जनक ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो बाइक सवारों ने उसके साथ गाली गलौज व हाथापाई की थी।






