February 22, 2026

संवाददाता 

कानपुर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के कपूरपुर गांव में एक युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान कपूरपुर गांव निवासी सुनील कोरी पुत्र सुंदरलाल कोरी के रूप में हुई है। वह धान मिल में मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। ग्रामीणों के अनुसार, सुनील शराब पीने का आदी था, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गांव के लोगों ने कई बार उनके बीच समझौता भी कराया था।
बताया जा रहा है कि शाम को सुनील नशे की हालत में घर पहुंचा था। इस दौरान उसकी पत्नी से कहासुनी हुई। रात में वह अपने कमरे में जाकर सो गया, जबकि पत्नी और बच्चे बाहर सोए। शुक्रवार सुबह जब वह काफी देर तक नहीं जागा तो परिजनों ने उसे आवाज दी। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर कमरे में जाकर देखा तो उसका शव पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला।
घटना की सूचना गांव के चौकीदार ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित सिंह, बीट प्रभारी नरसिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

Related News