February 22, 2026

आ स. संवाददाता 

कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र में रिश्तेदार ने महिला से छेड़खानी की। उसके शोर मचाने पर जब उसका जेठ बचाने पहुंचा तो आरोपी और उसके परिवार ने जेठ के सिर पर लोहे की रॉड मारकर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़िता के पति ने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंचती उससे पहले आरोपी मौके से भाग निकले। सचेंडी पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बा सचेंडी निवासी पीड़िता के मुताबिक उसके पड़ोस में रिश्तेदार संजय पाण्डेय, गोविंद, ऊषा पाण्डेय और प्रिंसी रहते हैं। पीड़िता ने बताया कि आरोपी गोविंद उसपर बुरी नियत रखता था। मगर रिश्तेदारी होने के कारण लोकलाज के डर से वो हमेशा चुप रही। संजय और गोविंद की नापाक हरकतों को वह हमेशा नजर अंदाज करती आई।
पीड़िता के मुताबिक जब उसके घर का दरवाजा खुला था। उसी दौरान गोविंद उसके घर में घुस आया। उसने पीड़िता को गलत नियत से पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगा। पीड़िता चिल्लाई तो उसके जेठ उसे बचाने के लिए आए। उतनी देर में गोविंद के परिवार में संजय, ऊषा और प्रिंसी लाठी डंडा और राड लेकर आ गए। उन्होंने जेठ के सिर पर लोहे की राड से वार कर दिया। जेठ के सिर से खून आने लगा।
पीड़िता के मुताबिक उसने पति को फोन कर मदद मांगी। पति ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी भाग निकले। 

इंस्पेक्टर सचेंडी के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

Related News