
आ स. संवाददाता
कानपुर। नगर में ब्याह कर आई इटावा की दिव्या की मौत के बाद उसके भाई प्रबल प्रताप सिंह ने एक बेहद गंभीर खुलासा किया है। मृतका के भाई प्रबल का आरोप है कि दिव्या के ससुराल वाले उससे अतिरिक्त दहेज की मांग तो कर ही रहे थे। उसकी बड़ी ननद ने उससे एक बच्चे की भी मांग की थी। जिसके कारण दिव्या का एक मिस कैरिज भी हुआ। भाई ने बताया कि बहन ने बच्चा और दहेज नहीं दिया इसके कारण ससुराल वालों ने उसे जान से मार दिया।
मोहल्ला चमरैटी इकदिल इटावा निवासी प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि ससुराल वालों ने बहन को जहर देकर जान से मार दिया। प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि जब ससुराल वाले दिव्या को परेशान कर रहे थे। उस दौरान वो बहन के ससुराल वालों को समझाने गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्हें फिर बहन ने फोन करके बताया कि बड़ी ननद जो कि प्रयागराज में रहती है वो उनका बच्चा मांग रही है।
प्रबल प्रताप ने बताया कि दिव्या की बड़ी ननद के बच्चा नहीं था। उसी दौरान दिव्या के बेटा हुआ। प्रबल के मुताबिक बड़ी ननद ने उससे उसी का बच्चा पालने के लिए मांग लिया। इसपर उसने यह कहते हुए मना कर दिया था कि दीदी इसे रहने दो जब दूसरा होगा वो भले ही लड़का हो या लड़की उसे आपको दे देंगे। इस पर ननद बड़ी मुश्किल से मानी मगर उसने दिव्या पर दूसरा बच्चा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया गया।
प्रबल प्रताप के मुताबिक दिव्या लगातार अपनी बड़ी ननद को यह समझा रही थी कि बच्चा करने के लिए एक समय होता है, मगर ससुराल वालों ने इतना दबाव बना दिया कि दिव्या ने समय से पहले ही दूसरा बच्चा करने का प्रयास किया। मगर वो मिस कैरिज हो गया था। जिसके बाद से उसने बड़ी ननद को साफ इंकार कर दिया था कि अब जब उपयुक्त समय आएगा तभी वो दूसरे बच्चे को जन्म देने का प्रयास करेगी।
दिव्या को प्रताड़ित करने की जानकारी देते हुए प्रबल प्रताप ने बताया कि जब वो बहन ऐश और पत्नी प्रियंका के साथ कानपुर पहुंचे तो दिव्या का शव देखकर ऐश को सदमा लग गया। वो बेहोश हो गई। उसे यही कानपुर में अस्पताल में भर्ती करना पड़ा और उसका ऑक्सीजन लेवल निरंतर गिर रहा था। प्रबल प्रताप के मुताबिक उन्हें कुछ समझ ही नहीं आ रहा था। एक बहन आईसीयू में तो दूसरी बहन मॉरच्यूरी में पड़ी थी। इस कारण उन्होंने दिव्या का अंतिम संस्कार कानपुर में ही करने का फैसला किया।
मोहल्ला चमरैटी इकदिल इटावा निवासी प्रबल प्रताप सिंह प्राइमरी स्कूल में टीचर है। उन्होंने बहन दिव्या की शादी आवास विकास अम्बेडकरपुरम कल्याणपुर निवासी संदीप से की थी। संदीप एमईएस में कार्यरत है। दिव्या की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रबल प्रताप ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने उसे जहर देकर मार डाला है। इस मामले में कार्रवाई को लेकर कल्याणपुर पुलिस ने प्रबल को थाने बुलाया है।