
संवाददाता
कानपुर। एक रिटायर्ड बैंक मैनेजर की पत्नी ने दो मंजिला मकान की छत से कूदकर जान दे दी। वह 4 दिन पहले बीमार मां को देखने मायके आई थी। महिला घर की छत पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी।
जिस वक्त महिला छत से कूदी, उस वक्त घर पर मृतका की मां के अलावा कोई नहीं था। छोटी बहन और भाभी मार्केट गई थीं। भाई दुकान में थे। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर भाई लौटे तो सड़क पर महिला का शव पड़ा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस सुसाइड की वजहें तलाश रही है। महिला लखनऊ की रहने वाली थी। घटना कानपुर के गोविंद नगर इलाके में हुई। महिला की बेटी विदेश में रहती है, बेटा नोएडा में जॉब करता है।
लखनऊ के आशियाना बी ब्लाक निवासी सुरेश कुमार सेठी, बैंक आफ बड़ौदा से मैनेजर पद से रिटायर्ड है। उनके परिवार में 59 वर्षीय पत्नी स्मिता व बेटी चारू और बेटा शिवांशु हैं। बेटी चारू विदेश में रहती हैं, जबकि शिवांशु नोएडा में जॉब करते हैं।
बीते 30 अगस्त को सुरेश कुमार सेठी की पत्नी स्मिता अपनी बीमार मां कैलाश रानी अरोड़ा को देखने के लिए कानपुर आई थीं। कानपुर के गोविंद नगर ब्लॉक-7 में रहने वाले शीशा कारोबारी मनोज अरोड़ा स्मिता के छोटे भाई हैं। वह उन्हीं के घर ठहरी हुई थीं।
कानपुर पहुंचने पर स्मिता ने अपनी छोटी बहन को भी मायके बुला लिया। बुधवार को प्रयागराज के दरभंगा कालोनी में रहने वाली छोटी बहन डिंपल ढल भी मां को देखने पहुंची।
भाई मनोज ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित दुकान चले गए थे। घर पर बीमार मां के अलावा दोनों बहनें और पत्नी थीं। दोपहर में 2 बजे छोटी बहन डिंपल और पत्नी बाजार गई थीं। दोनों वापस लौटीं तो बहन स्मिता का शव सड़क पर पड़ा था। स्मिता के नीचे कूदने से हुई आवाज सुनकर काफी लोग घटनास्थल पर जुट गए थे।
पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी चेक किया। जिसमें महिला छत से कूदते हुए दिख रही है।
सीसीटीवी में दिख रहा है कि सड़क पर एक कार खड़ी है। वहीं से एक आदमी निकलता है। इसके थोड़ी देर बाद एक महिला अचानक से छत से सड़क पर गिरती है। महिला 20 सेकेंड तक तड़पती है। उसके बाद शरीर की हलचल बंद हो जाती है।
थोड़ी देर बाद वहां से दो महिलाएं गुजरती है, लेकिन वह महिला को सड़क पर पड़े देखकर निकल जाती है। उसके बाद मोहल्ले के लोग आते है। उनको सड़क पर एक महिला का शव पड़ा दिखाई देता है। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ लग जाती है।
गोविंद नगर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि भाई की ओर से मृतका स्मिता के छत से गिरकर मौत की सूचना दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।






