March 10, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
मानसून की वापसी के दौर में शहर का मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 68 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 49 प्रतिशत रही। हवा की गति 1 से 14 किलोमीटर प्रतिघंटा रही, जिसकी दिशा उत्तर-पश्चिमी रही।
चंद्रशेखर आजाद प्रौद्योगिकी एवं कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले 3 दिनों तक तेज धूप और उमस का असर बना रहेगा। 25 और 26 सितम्बर को हीट इंडेक्स 55 से 57 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, जो स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है।
वातावरण में नमी बनी रहने के कारण उमस अधिक महसूस होगी। दिन में हल्के-फुल्के बादल मंडराने से धूप की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना नहीं है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिमी हवाओं का आना जारी रहेगा, जिससे आसमान साफ रहने की संभावना है।
वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा तरनतारन, संगरूर, जींद, रेवाड़ी, टोंक, मेहसाणा और पोरबंदर से होकर गुजर रही है। साथ ही, गंगीय पश्चिम बंगाल व आसपास के तटीय क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
भारतीय मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 सितम्बर के आसपास पूर्व-मध्य और उससे सटे उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है, जो 26 सितम्बर तक दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश तट से लगे बंगाल की खाड़ी के हिस्से में अवदाब का रूप ले सकता है।
इससे पूर्वी भारत में मौसम में बदलाव संभव है, लेकिन कानपुर मंडल में शुष्क और उमस भरा मौसम ही बने रहने की संभावना जताई गई है।