
आ स. संवाददाता
कानपुर। नगर में लोगों को अगले दो दिनों तक गर्मी से राहत रहेगी।अभी 48 घंटे मौसम सामान्य बना रहेगा। ऑरेंज अलर्ट के बीच दिन और रात के तापमान में मामूली वृद्धि हुई। अधिकतम पारा 34.2 से बढ़कर 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 19.4 से 20.8 डिग्री हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर में आंधी-पानी की संभावना बनी हुई है।
रविवार के मौसम की बात करें तो सुबह से कड़ी धूप निकली हुई थी , लेकिन गर्मी से राहत बनी हुई थी। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में हल्के बादल छाए हुए हैं। पर यह बादल टकराव वाले हैं, जिससे गरज-चमक की स्थितियां पैदा हो सकती हैं। हालांकि दोपहर बाद मौसम में बदलाव हो सकता है।
कम दबाव का क्षेत्र बनने से बीच-बीच में तूफानी हवाएं भी चल रही हैं। धूल भरी आंधी जैसी स्थिति देख लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए। हवा की दिशा उत्तर पूर्वी, दक्षिण पूर्वी और उत्तर पश्चिमी होने से मौसम में बदलाव होता रहा। उमस खत्म हो गई और हवा में नमी ज्यादा होने से सर्द भी हो गई।
तेज धूप होने के बावजूद दिन में भी लोगों को गर्मी का अधिक अहसास नहीं हुआ। पारा अधिक था लेकिन नमी ज्यादा होने से परेशान करने वाली नहीं थी। दिन का तापमान सामान्य से कम लेकिन रात का सामान्य से अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी बना हुआ है। इसके साथ ही चक्रवाती हवाओं का घेरा ऊपरी वायुमंडलीय स्तरों तक फैला हुआ है।
चक्रवाती हवाओं का घेरा यूपी में है लेकिन बीच-बीच प्रभावी हो रहा है। एक और चक्रवातीय प्रणाली का प्रभाव उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर है। इसका प्रभाव अगले 24 घंटों तक बना रह सकता है।