March 12, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  सुबह से हुई झमाझम बारिश ने कानपुर वासियों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत दी है। आसमान पर बादलों का डेरा और हवाओं का ठंडापन आने वाले दिनों में मौसम को और भी सुहावना बनाने का संकेत दे रहा है। मंगलवार की सुबह से बारिश होने लगी, इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। मानसूनी हवा के सक्रिय होते ही आसमान पर घने बादलों का डेरा रहा और मौसम सुहावना हो गया। बारिश के कारण सुबह से ही लोगों को ठंडी हवाओं का एहसास हुआ।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मगर बुधवार को यह तापमान थोड़ा गिरेगा।
हवा की गति 1 से 8 किलोमीटर प्रतिघंटा रही और दिशा दक्षिण-पश्चिमी रही। वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को गर्मी के बीच ठंडक का एहसास हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 3 अक्टूबर तक कानपुर मंडल में हल्की बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार भी 18 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और धूप की तीव्रता में कमी बनी रहेगी।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिमी मानसूनी हवाओं के सक्रिय हो जाने से पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून की वापसी पर फिलहाल ब्रेक लग गया है।
विशेषज्ञों ने बताया कि वातावरण में नमी बढ़ने से हीट इंडेक्स 55 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। ऐसे में लोगों को दिन के समय सीधे धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।