May 9, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  एक बार फिर से मौसम करवट ले सकता है। एक और नए पश्चिमी विक्षोभ के आने से आंधी-पानी का दौर एक बार फिर शुरू हो सकता है। बादलों की आवाजाही शुरू हो जाने से रात के तापमान तेजी से चढ़ने लगे हैं। हालांकि शुक्रवार सुबह से धूप निकली हुई थी, साथ ही हल्की हवाएं चल रही थी।
दिन का तापमान जहां 38.4 डिग्री पहुंच गया वहीं रात का तापमान 22.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को आंधी-पानी की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक हो गए हैं।
पश्चिमी विक्षोभ ने पहाड़ों पर दस्तक दे दी है पर मौसम में बदलाव की वजह अन्य सर्कुलेशन भी हैं। इससे पूरे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग दिनों में मौसम बदलेगा। अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर आदि में आंधी-पानी की स्थितियां रहीं।
रविवार तक इस तरह की गतिविधियां प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बनी रहेंगी।14 अप्रैल से अब तक दिन का तापमान लगातार चढ़ रहा है। अभी उत्तर-पूर्वी हवाएं चल रही हैं जो अपने साथ नमी ला रही हैं। तापमान सामान्य से ऊपर बने रहे।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक एक साथ कई मौसम प्रणालियां काम कर रही हैं। इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश पर भी पड़ रहा है। एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी ईरान और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान सहित एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी असम और एक पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में यह मौसम  बदलाव 20 अप्रैल तक जारी रह सकता है। अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज वर्षा हो सकती है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी संभव है। कानपुर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है।