
संवाददाता
कानपुर। लगातार कई दिनों से हो रही वर्षा के कारण मौसम थोड़ा ठंडा था, लेकिन अब काले बादल आसमान पर दिखाई नहीं देंगे। मौसम पूरी तरह से खुल गया है, जिसके कारण चटक धूप लोगों को उमस भरी गर्मी से बेहाल कर देगी।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस था जो की 3.3 डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस था। यह भी 1.9 डिग्री कम दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि अधिकतम आद्रता 95% और न्यूनतम आर्द्रता 68% दर्ज हुई है। दक्षिण से पूर्व की ओर हवा 16.6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है, लेकिन अब हवा का रुख थोड़ा कम होगा। इसके कारण लोगों को उमस काफी सताएगी।
प्रो. पांडेय के अनुसार 20 जुलाई को कानपुर मण्डल सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश का पश्चिमी भाग इन सब इलाकों में आसमान बिलकुल साफ रहेगा। चमकदार धूप निकलेगी। बारिश की गतिविधियां होने की संभावना बिल्कुल नहीं है, केवल बीच-बीच में बादलों आवाजाही लगी रहेगी।






