
आ स. संवाददाता
कानपुर। सोमवार सुबह लखनऊ में हुई बारिश के बाद कानपुर में भी बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। बादलों के आने से धूप-छांव का क्रम जारी है। नगर में अन्य दिनों के मुकाबले मौसम में ठंडक का अहसास है। आज तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिन का तापमान तो पहले से ही चढ़ा हुआ था, अब रात के तापमान ने भी ऊंचाई छू ली है। मार्च का सर्वाधिक पारा 18.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक है।
एक साथ आए तीन पश्चिमी विक्षोभों के कारण इस बार पहाड़ों से लेकर मैदानों तक इसका प्रभाव रहा। पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी यूपी में कानपुर में इसका प्रभाव दिखना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके विपरीत प्रयागराज व आसपास इसका प्रभाव दिखाई दिया।
हवा की बार-बार बदलती दिशा से कानपुर में न तो अधिक बादल आए और न ही तेज हवाएं चलीं। अधिकतम पारा घटकर 35.4 से 34.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। एक डिग्री की तापमान में कमी आई, लेकिन यह सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
न्यूनतम पारा सीजन का सर्वाधिक 18.4 डिग्री रहा। इससे पहले पहली मार्च को न्यूनतम पारा 18 डिग्री रहा था। इसके बाद से तापमान काफी कम चल रहा था। रात का पारा सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक रहा। रात के तापमान में वृद्धि की वजह भी बादल रहे। रात में दिन की अपेक्षा बादल अधिक रहे।
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ का असर जब खत्म हो जाएगा। तब इसके बाद आसमान साफ होगा और तेज हवाएं चलेंगी। इससे तापमान में कमी आएगी। एक-दो दिन राहत हो सकती है। इसके बाद फिर तापमान में तेजी से वृद्धि होगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 17 मार्च से 19 मार्च के बीच हवा की रफ्तार 30-35 किमी प्रति घंटा हो सकती है। इस दौरान गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। इसके बाद यदि कोई विक्षोभ आता है तो स्थितियां फिर बदलेंगी। यदि ऐसा नहीं होता है तो दो-तीन दिन तापमान में कमी आएगी और फिर तेजी से पारा चढ़ेगा।