July 1, 2025

आज़ाद संवाददाता

कानपुर। जून में भीषण गर्मी अपना कहर बरपा रही है। सुपर हीट वेव ने कानपुर समेत यूपी के 19 जिलों को झुलसाकर रख दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर में दिन का पारा 43 डिग्री रहा जो सीजन का सर्वाधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी सुपर हीट वेव जारी रहेगी। मंगलवार सुबह से ही कड़ी धूप निकली हुई थी।
उत्तर-पूर्वी हवाएं बीच-बीच में चलने से नमी भी काफी थी। अधिक तापमान में नमी ने गर्मी का अहसास बढ़ा दिया। दोपहर में लोग घरों में कैद रहे, ज्यादातर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

दिनभर शुष्क हवाएं चलीं। दोपहर बाद स्थितियां बेहद प्रतिकूल हो गईं। सड़कों पर सन्नाटा छा गया। राहगीरों को खुले में चलना बेहद मुश्किल हो रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान 31 डिग्री तक पहुंच गया है।
सीएसए के रिकॉर्ड में नौ जून को सर्वाधिक पारा वर्ष 2022 में रिकॉर्ड किया गया था। यहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री था। वर्ष 2020 में इसी दिन 41, 2021 में इसी दिन 39 और वर्ष 2023 में 40 डिग्री तापमान रहा था।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि बुधवार को भी हीट वेव से राहत नहीं मिलेगी। तापमान अधिक रहेगा। इसके बाद मामूली राहत मिलने की संभावना है। वातावरण में नमी के कारण कभी तपिश परेशान करेगी तो कभी उमस।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक 11 जून को हल्की बदली रहेगी। 12 और 13 जून को गर्मी के बीच छींटे पड़ सकते हैं। 14 और 15 जून को आंधी-पानी की संभावना है।
अधिकतम तापमान अधिक होने के बावजूद नमी का प्रतिशत कम नहीं हुआ। अधिकतम नमी 65 और न्यूनतम 39 प्रतिशत रही। उमस भरी गर्मी ने भी काफी हलकान किया। उत्तर-पूर्वी हवाओं के कारण नमी कम नहीं हुई, पर तपिश हावी रही, जिससे झुलसाने वाली गर्मी बनी रही।