
संवाददाता
कानपुर। समाजवादी पार्टी छात्र सभा की नगर इकाई के पदाधिकारियो के बीच चल रहे घमासान का अंत एक पदाधिकारी ने अपने पद से इस्तीफा देकर कर दिया है। उनके समर्थन में दो अन्य सदस्यों ने भी सोशल मीडिया पर इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है।
बताते चलें कि समाजवादी छात्र सभा के नगर अध्यक्ष अनूप यादव और महामंत्री मुस्तफा फ़ारूक़ी के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। अब पार्टी के अन्दर का विवाद खुलकर सामने आ गया है। जहां महामंत्री ने नगर अध्यक्ष पर सक्रिय नहीं होने का आरोप लगाया है , उन्होंने यह भी कहा है कि किसी दूसरे को महामंत्री बनाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने खुद ही पद छोड़ दिया। वहीं छात्र सभा सपा के अध्यक्ष अनूप यादव का कहना है वह पार्टी में गुटबाजी कर रहे थे। संगठन में गुटबाजी का असर छात्र सभा पर भी पड़ रहा था।
नगर अध्यक्ष अनूप यादव ने कहा कि अब मुस्तफा ने इस्तीफा दिया है तो नए नगर महामंत्री की नियुक्ति की जाएगी। काफी समय से सूचना मिल रही थी कि वह हमेशा साथियों और अन्य पदाधिकारियों को बैठक में न आने के लिए कहते थे।
इस तरह की गुटबाजी वह पहले से करते चले आ रहे हैं। इससे पार्टी और कार्यकर्ताओं पर बुरा असर पड़ रहा था। उन्हें कई बार चेतावनी भी दी गई थी। मगर कोई सुधार नहीं हो रहा था। उनकी शिकायतें लगातार मिल रही थीं।महामंत्री सपा छात्र सभा मुस्तफा फारूकी ने कहा कि अध्यक्ष लगतार ये कह रहे हैं कि नया महासचिव, महामंत्री बनाया जाएगा तो मैं सम्मान से समझौता नहीं कर सकता। रही बात जो आरोप लगाया गया है कि मैं गुटबाजी कर रहा हूं तो किसी से भी पूछा जा सकता है। मैंने पार्टी के लिए क्या किया है। मैं हर बैठक में गया हूं।यह विवाद सामने आने के बाद सपा नगर अध्यक्ष फजल महमूद ने कहा कि दोनो को कार्यालय में बुलाया है। उन्होंने कहा कि दोनों को आमने-सामने बैठाकर बात कराकर मामला हल किया जाएगा।






