March 4, 2026

संवाददाता

कानपुर। एक मोपेड में ट्रक ने टक्कर मार दी। मोपेड सवार युवक ने कूदकर जान बचाई। वहीं, ट्रक मोपेड को करीब 300 मीटर तक घसीटकर ले गई। इस दौरान मोपेड में आग लग गई। युवक के सिर पैर और हाथ पर चोट आई हैं। मौके पर पुलिस पहुंची।  घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
युवक अंशु पाल पुत्र ओम प्रकाश पाल बिठूर थाना क्षेत्र के पचौर गांव में रहता है। युवक गांव से कानपुर दूध बेचने के लिए अपनी मोपेड से रोजाना शाम को जाता है। जब वह दूध बेचकर घर के लिए लौट रहा था। तभी मॉडल डेरी फार्म हाउस के सामने पीछे से ट्रक ने मोपेड में टक्कर मार दी।
तेज रफ्तार ट्रक भागने के चक्कर में मोपेड को तकरीबन 300 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे मोपेड में आग लग गई। मोपेड पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। किसी तरह से युवक अंशु पाल ने टक्कर लगने के बाद मोपेड से कूद कर अपनी जान बचाई। इसके बाद तुरंत ही अंशु ने अपने परिजनों को सूचना दी।
कुछ देर में मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। अंशु के दूध के डिब्बे सड़क पर फैल गए। मोपेड पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। अंशु के सिर, पैर और हाथ में चोट आई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके पर पहुंचे अंशु के भतीजे पीयूष पाल ने बताया कि जैसे ही फोन पर सूचना मिली कि एक्सीडेंट हो गया है। गांव नजदीक होने के कारण हम लोग तुरंत ही वहां पहुंच गए।
पीयूष ने बताया कि कुछ देर पहले ही अंशु से फोन पर बात हुई थी, तो उन्होंने बताया था की मोपेड का पिछला पहिया पंचर हो गया है। इसलिए धीरे-धीरे सड़क के किनारे-किनारे वह आ रहे हैं। कुछ देर में घर पहुंच जाएंगे। लेकिन उनकी मोपेड में टक्कर लगने की सूचना आई। उन्होंने बताया कि ट्रक वाले ने ऐसी टक्कर मारी कि वह मोपेड को घसीटता हुआ ले गया, जिसके कारण मोपेड में आग लग गई। जैसे-तैसे कूद कर अंशू पाल ने अपनी जान बचाई।