
संवाददाता
कानपुर। बिठूर स्थित नाना राव पेशवा स्मारक परिसर में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय बिठूर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। “सनातन एवं संस्कृति का उत्सव” थीम पर आधारित इस महोत्सव का उद्घाटन प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय करेंगे।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सुरक्षा, यातायात, सफाई और प्रकाश व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए हैं, ताकि आयोजन सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
महोत्सव में रक्षा मंत्रालय के ग्लाइडर्स इंडिया और ऑर्डिनेंस इक्यूपमेंट फैक्ट्री की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उद्यान विभाग की ओर से फ्लावर शो आयोजित होगा, वहीं आईआईटी कानपुर एआई और वीआर तकनीक आधारित प्रदर्शनी प्रस्तुत करेगा। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स विभाग की कलाकृतियां भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी। कठपुतली नृत्य और कच्ची घोड़ी जैसे लोक कार्यक्रम भी होंगे।
26 फरवरी को दीप प्रज्वलन, मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। भोपाल कथक समिति कथक नृत्य प्रस्तुत करेगी और शाम को डॉ. पलाश सेन व उनका बैंड यूफोरिया संगीत प्रस्तुति देंगे।
27 फरवरी को ‘बैटल ऑफ बैंड्स’ और ‘कानपुर्स गॉट टैलेंट’ में स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। श्रीराम कला केंद्र की नाट्य प्रस्तुति और कवि सम्मेलन भी होगा।
28 फरवरी को छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम, उत्तर-मध्य सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज के लोक नृत्य, पत्थर घाट पर काशी रस वाद्यवृंद की जुगलबंदी और गंगा आरती के साथ समापन होगा। इसी दिन गोपाल मणि तिवारी का संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान कानपुर नगर से बिठूर तक रोडवेज बसों का विशेष संचालन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।






