April 29, 2026

संवाददाता
कानपुर।
एक 10वीं के छात्र ने सुसाइड कर लिया। उसने चादर से फंदा बनाया फिर उस पर लटक कर जान दे दी। हॉस्टल का कमरा अंदर से बंद था। एक दिन तक कमरे में उसका शव लटकता रहा। उसके कमरे से बाहर न निकलने पर हॉस्टल स्टाफ ने कई बार आवाज दी। फोन किया, घंटी जा रही थी लेकिन फोन नहीं उठा।
जब खिड़की से झांका गया तो छात्र फंदे से लटका मिला। पुलिस को सूचना दी गई तो पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसकी लाश बाहर निकाली। कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था कि मैं अपने मन से आत्महत्या कर रहा हूं, मम्मी, भैया और पापा का ध्यान रखना।
छात्र ने मरने से पहले अपनी मां से फोन पर बात की थी। इसके बाद इंस्टाग्राम आईडी पर एक पोस्ट भी की थी। 
कानपुर देहात, भोगनीपुर पुखरायां के रहने वाले करन सिंह की गांव में प्लॉस्टिक के सामान की दुकान है। परिवार में पत्नी ऊषा देवी, बड़ा बेटा हर्षित, छोटा सृजन व बेटी प्रिंसी हैं।
मृतक सृजन के बड़े भाई हर्षित ने बताया, 4 महीने पहले सृजन कानपुर आया था। काकादेव के हितकारी नगर स्थित कटियार हॉस्टल में हाईस्कूल की पढ़ाई कर रहा था।

सृजन की मां से फोन पर बात हुई थी। तब उसकी बात से ऐसा कुछ नहीं लगा। वो बहुत खुश था। मेहनत से पढ़ाई करता था। हमे यकीन नहीं हो रहा है कि वो हमारी बीच नहीं है। मुझसे अक्सर फोन पर बातें करता था।
हास्टल संचालक अतिन कटियार ने बताया कि वह पीईटी की परीक्षा देने के लिए कानपुर से बाहर गए हुए थे। सृजन सिंगल रुम में रहता था। सृजन ने कमरे में चादर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब पूरे दिन वह कमरे से बाहर नहीं आया। जिस पर हॉस्टल कर्मचारियों ने कमरे में झांक कर देखा तो सृजन का शव फंदे से लटकता मिला।
घटना की जानकारी पर रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ कर शव को बाहर निकाल कर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने बेटे के किसी भी प्रकार के तनाव में रहने पर इनकार किया।
हॉस्टल में रहने वाले दोस्तों ने बताया कि मरने से पहले सृजन ने सोशल मीडिया पर एक शायरी पोस्ट की थी। जिसमें उसने कहा था कि तुमसे दूर जाने का इरादा तो नहीं था, साथ रहने का वादा नहीं था। तुम याद नहीं करोगे ये हम जानते थे, पर इतनी जल्दी भूल जाओगे हमे अंदाजा नही था।
रावतपुर थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसे फोरेंसिक टीम ने जब्त कर लिया है। परिजन अगर कोई तहरीर देते हैं, तो मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उसका मोबाइल भी जांचा जा रहा है कि ताकि मौत का असली कारण पता चल सके। 

Related News