August 3, 2025

आ स. संवाददाता 

कानपुर। नम हवाओं और बादलों की आवाजाही ने उमस और गर्मी दोनों बढ़ा दी हैं। बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आई नमी आपस में मिल गई। इससे बादल आ गए। बादलों के छाए रहने से रात का पारा चढ़ गया।
सीजन में पहली बार रात सबसे गर्म रही। न्यूनतम तापमान में 4.2 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, दिन में बादल रहने की वजह से तपिश पर नियंत्रण रहा और अधिकतम तापमान सामान्य औसत के लगभग बराबर रहा।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बादल साफ होंगे तो दिन में तपिश बढ़ेगी और अधिकतम तापमान भी बढ़ जाएगा। सीएसए के मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले पांच दिन तक बादलों की आवाजाही रहेगी। स्थानीय स्तर पर अंधड़ चल सकता है। गरज-चमक के साथ बादल बूंदाबाँदी कर सकते हैं।
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि तीन तरफ से आ रही नम हवाएं आपस में मिल रही हैं। इससे पहाड़ों और तराई के इलाके में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। कानपुर परिक्षेत्र पर अधिक असर नहीं आएगा। ऊंचे बादलों के छंटने के बाद तपिश बढ़ेगी। नमी आते रहने से उमस भरी गर्मी होगी। 

Related News