
संवाददाता
कानपुर। एक बार फिर मौसम बिगड़ने के आसार हैं। दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, 17-18 फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाएंगे, बारिश भी होगी। करीब 30 से 40 की गति में हवा भी चल सकती है। सोमवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा।
वहीं, अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री ज्यादा रहा। यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हवाओं की दिशा बदलकर दक्षिण पश्चिमी हो गई है। फिलहाल आने वाले 24 से 48 घंटों में कोई बड़ा असर नहीं होगा। हालांकि हवाओं की गति धीमी होंगी, जिससे तापमान बढ़ सकते हैं। किसान खेतों में नमी बनाए रखे व सुबह के समय सिंचाई करें।
मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मार्च के पहले हफ्ते से मौसम पूरी तरह बदलने लगेगा और गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। दिन और रात, दोनों के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। मार्च के आखिरी हफ्ते तक यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मनोज श्रीवास्तव ने आगे बताया कि अप्रैल में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मई-जून में कई जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसका मतलब यह है कि केवल दिन ही नहीं, रात के समय भी गर्मी से राहत कम मिलेगी और उमस बनी रहेगी।
हालांकि, यह काफी हद तक अल नीनो की स्थिति पर निर्भर करेगा। अगर अल नीनो की स्थिति बनी रहती है या मजबूत होती है, तो गर्मी की हालत और ज्यादा गंभीर हो सकती है।





