
संवाददाता
कानपुर। शहर के कल्याणपुर इलाके में आवारा कुत्तों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि अब राहगीरों का सड़क पर निकलना दुश्वार हो गया है। आज पुराना शिवली रोड पर एक पागल कुत्ते ने जमकर उत्पात मचाया।
इस दौरान कुत्ते ने एक युवती पर जानलेवा हमला करके उसे बुरी तरह घायल कर दिया। हमले की यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है, कि दो युवतियां सड़क किनारे खड़ी थीं। उनमें से एक फोन पर बात करने में व्यस्त थी। तभी अचानक एक आवारा कुत्ता वहां मौजूद किसी अन्य व्यक्ति की ओर दौड़ता है। उसे बचाने के चक्कर में युवती जैसे ही आगे बढ़ी, कुत्ते ने उस पर हमला बोल दिया। कुत्ता इतना आक्रामक था कि उसने युवती को बीच सड़क पर पटक दिया और उसे बुरी तरह नोचने लगा।
युवती को कुत्ते के चंगुल में फंसा देख आसपास के लोग सहम गए, लेकिन तुरंत ही कुछ साहसी युवकों ने एक लकड़ी की बेंच की मदद से कुत्ते को खदेड़ा। काफी कड़ी मशक्कत के बाद युवती को कुत्ते से बचाया जा सका। कुत्ते के हमले से युवती काफी ज्यादा घायल हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है,कि अगर समय रहते लोग न पहुंचते, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
कल्याणपुर युवा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश चंदेल ने कहा- कल्याणपुर शिवली रोड बाजार में पिछले कई दिनों से एक पागल कुत्ते ने आतंक मचा रखा है। यह कुत्ता अब तक कई राहगीरों और ग्राहकों को अपना शिकार बना चुका है। आज तो हद हो गई जब उसने एक छोटी बच्ची और युवती पर हमला किया। हमने नगर निगम पार्षद को इस बारे में शिकायत दर्ज कराई है और मांग की है कि इस कुत्ते को तुरंत यहां से हटवाया जाए।
बाजार में कुत्तों के बढ़ते हमले से स्थानीय व्यापारियों में नगर निगम के खिलाफ भारी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि आवारा कुत्तों की वजह से अब ग्राहक बाजार आने में डर रहे हैं। राहगीरों का कहना है कि नगर निगम को कई बार सूचना देने के बाद भी आवारा और पागल कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।






